07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस ने ग्राम सेवार और ग्राम सारधा में हुई बकरी-बकरा चोरी के दो मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से जुड़े औजार, बिक्री की रकम और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकल समेत करीब 63 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवार एवं ग्राम सारधा से अज्ञात चोरों द्वारा कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी कर लिए गए थे। चोरी गए पशुओं में 16 बकरे, 15 बकरियां और 6 पट्ठी शामिल थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 77 हजार रुपये आंकी गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों — हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18 वर्ष) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20 वर्ष) — को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी किए गए बकरी-बकरों को खरीदकर काटकर बेचने का काम रहीस उर्फ टीर्रू उर्फ मुंडा खान कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रहीस उर्फ टीर्रू उर्फ मुंडा खान (25 वर्ष), निवासी चिल्हाटी धनुहार मोहल्ला, थाना सरकंडा, बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने 10 नग बकरी-बकरा खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बिक्री करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बकरी काटने के औजार, तराजू, बिक्री की रकम तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकल जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
