07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई को जगदलपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।
मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के कृष्ण वाटिका, बोईसदादर निवासी वाहन कारोबारी राकेश कुमार नागवानी से जुड़ा है।
प्रार्थी ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में उसने विभिन्न फाइनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थी। पुराने BS-4 मॉडल वाहनों का पुनः पंजीयन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने स्वयं को आरटीओ एजेंट बताकर संपर्क किया और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर समय-समय पर लाखों रुपये लिए।
प्रार्थी द्वारा अलग-अलग माध्यमों से रकम ट्रांसफर किए जाने के बाद आरोपियों ने कुछ वाहनों के दस्तावेज उपलब्ध कराए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन प्रार्थी के नाम पर पंजीकृत नहीं थे। आरटीओ कार्यालय से जानकारी लेने पर पूरे मामले में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
जांच में आरोपी द्वारा वाहन पंजीयन के नाम पर 6 लाख 93 हजार रुपये की धोखाधड़ी करना पाया गया, जिसके आधार पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 331/2025 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रार्थी ने यह भी बताया कि शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे, जिनमें एक चेक बाउंस हो गया जबकि दूसरा गलत जानकारी देकर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर में दबिश दी और आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई पिता चन्द्रशेखर पिल्लई को गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
