07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष……
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 18 किलो से अधिक गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, स्कूटी और मोबाइल समेत करीब ₹2.11 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक नीले रंग की Hero Destini Prime स्कूटी में तीन युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर रायगढ़ पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की।
कुछ ही देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी हेमसागर यादव के पास रखी दो बोरियों से कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹1.81 लाख बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मौके से गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी और एक Vivo Y100A मोबाइल फोन भी जब्त किया। कार्रवाई में कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग ₹2.11 लाख आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव शामिल हैं। तीनों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में धारा 20 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, एएसआई नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, दुर्गेश सिंह सहित साइबर और चक्रधरनगर थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
