07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को एक स्थानीय महिला ने थाना कोतरारोड़ पहुंचकर आरोपी शशिरंजन द्विवेदी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक है और उसके बेटे से परिचय होने के कारण उसका घर में आना-जाना था।
पीड़िता के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आया और गलत नियत से महिला का हाथ व बांह पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जबरदस्ती करते हुए महिला के साथ मारपीट की और धमकी भी दी। महिला किसी तरह वहां से निकलकर अपनी मां के घर पहुंची और बाद में अपने पति को घटना की जानकारी दी।
महिला ने यह भी बताया कि 2 मई को आरोपी ने उसके बेटे को फोन कर धमकी दी थी। शिकायत के बाद कोतरारोड़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 76, 331(5) और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी शशिरंजन द्विवेदी (31 वर्ष), निवासी दरूआ जिला पलामू झारखंड, हाल निवासी कोतरारोड़ रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, निरीक्षक शील आदित्य, उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं थाना स्टाफ की टीम ने की।
