07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
ब्रेकिंग न्यूज़ | बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के सिम्स अस्पताल से एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, तालापारा मिनीमाता नगर निवासी 23 वर्षीय प्रसूता अंजली नवरंग को लेबर पेन के बाद सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि समय पर डिलीवरी नहीं कराई गई, जिससे नवजात की मौत हो गई।

परिवार का कहना है कि जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे को पूरी तरह स्वस्थ बताया था, लेकिन डिलीवरी में देरी और कथित लापरवाही के चलते शिशु की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर दुर्व्यवहार के भी आरोप लगाए हैं। नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। इस घटना के बाद डॉक्टरों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि इस कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी?
