07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बोदरी
बिलासपुर:नगर पालिका परिषद बोदरी को आज विकास की बड़ी सौगात मिली, जब केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने लगभग 1.40 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

लोकार्पित परियोजनाओं में 99.97 लाख रुपये की लागत से बना नगर पालिका का नवीन कार्यालय, 25 लाख रुपये का साहू समाज सामुदायिक भवन और 16.92 लाख रुपये का आकांक्षीय शौचालय शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में विकास कार्यों की गति और तेज होगी।
वहीं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इसे बोदरी के लिए “ऐतिहासिक दिन” बताते हुए कहा कि नया नगर पालिका कार्यालय जनता की उम्मीदों का केंद्र बनेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव मिलते ही करीब 3 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों को शीघ्र मंजूरी दी जाएगी।
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, नगर पालिका अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा, सीएमओ प्रदीप मिश्रा, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
