07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:राष्ट्रीय महत्व के जनगणना 2027 अभियान को लेकर बिलासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग सुनिश्चित करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
1 मई से शुरू हुआ यह राष्ट्रीय अभियान जिले में तेजी से प्रगति पर है, जहां तैनात अधिकारी-कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ डाटा संग्रहण में जुटे हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना टीम को पूरा सहयोग दें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
सख्त चेतावनी:प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जनगणना कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता करने या विवाद की स्थिति उत्पन्न करने वालों पर जनगणना अधिनियम 1948 और भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ताजा उदाहरण:बिल्हा जनपद पंचायत के ग्राम घोघरा में जनगणना कर्मी से मारपीट और कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है।
प्रशासन ने दोहराया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की रीढ़ है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए अनिवार्य है।
