06 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मंगला
बिलासपुर:सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला रोड स्थित भाटिया रेजिडेंसी में देर रात भीषण आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। रेजिडेंसी के तीसरे माले पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी, जिससे देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और धुएं का गुबार फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, फ्लैट निवासी यश रेलवानी अपने परिवार के साथ किसी कारणवश अस्पताल में थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही यश रेलवानी ने अपने करीबी मित्र प्रशांत दासानी को देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच फोन कर सूचित किया।

सूचना मिलते ही प्रशांत दासानी अपने साथियों और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। रेजिडेंसी में उपलब्ध फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। शुरुआती प्रयासों के बावजूद फ्लैट का लगभग 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना पर करीब आधे घंटे के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। सिविल लाइन थाना पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। तीन दमकल वाहनों ने कई घंटों तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद सुबह करीब 5 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग मोमबत्ती से लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन जारी है।
गौरतलब है कि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में फायर सेफ्टी उपायों का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
