06 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/राजधानी रायपुर
राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी जितेंद्र वर्मा ने अपने घर के भीतर ही लाइसेंसी पिस्टल से दो युवतियों—दुर्गेश्वरी और गीतांजलि—पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने की बात स्वीकार की है।

यह सनसनीखेज वारदात ऊषा प्राइड कमर्शियल-रेजिडेंशियल बिल्डिंग के पास, अपोलो अस्पताल के नजदीक हुई बताई जा रही है। मौके से कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। वहीं, फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।
दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेज दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाल रही है।
नोट: मामला अभी शुरुआती जांच के दौर में है, जैसे-जैसे आधिकारिक जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा।
