04 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेलगहना
छत्तीसगढ़ न्यायधानी बिलासपुर जिले के कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी पुलिस ने गौ मांस रखने और काटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 किलोग्राम मांस और उसे काटने में प्रयुक्त एक टंगली जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 मई 2026 को बेलगहना निवासी जय गुप्ता ने चौकी में सूचना दी कि ग्राम करहीकछार में बिजली ऑफिस के पास रहने वाला एक व्यक्ति गौ मांस काटकर रख रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस टीम ने तड़के सुबह आरोपी के घर पर दबिश दी। रेड के दौरान आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी (53 वर्ष) अपने घर के आंगन में मांस काटते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गाय-भैंस के मांस को काटकर सुखाकर रखता था तथा खाने के लिए उपयोग करता था। पुलिस ने मौके से लगभग 7 किलोग्राम कटा हुआ मांस और टंगली जब्त कर ली।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 00/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5 एवं 10 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
