04 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/छाल विशेष….
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो डकैती और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहने के बाद अब ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को IPL मैच के दौरान बॉल-टू-बॉल सट्टा खिलाते रंगे हाथों पकड़ा।
मामला थाना छाल क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली कि कुरकुट नदी पुल के पास एक युवक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और मौके से चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और ओडिशा, रायपुर व रायगढ़ के बीच छिपकर अपना नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ पहले दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है और जमानत पर छूटने के बाद उसने रायपुर के पंडरी क्षेत्र में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।

डिजिटल साक्ष्य से खुला राज:आरोपी के मोबाइल की जांच में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट और सट्टे के रिकॉर्ड मिले। इसी दौरान पुलिस ने रूपधर पटेल नामक युवक को भी गिरफ्तार किया, जिसने ₹1500 का ऑनलाइन दांव लगाया था।
जब्ती:पुलिस ने आरोपियों के पास से:
ओप्पो रेनो 15 प्रो 5G मोबाइल
रियलमी C-25S मोबाइल
नगदी राशि
सट्टे से संबंधित डिजिटल साक्ष्य
कुल ₹82,000 से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
