03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शहर में हर साल बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से अब राहत मिलने वाली है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव की पहल पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बिलासपुर को बड़ी सौगात दी है।
अधोसंरचना मद अंतर्गत ₹5 करोड़ 55 लाख 87 हजार की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे शहर में आधुनिक आरसीसी बॉक्स नाले का निर्माण किया जाएगा।
यह नाला कुंदन पैलेस से सहारे गली होते हुए बस स्टैंड तक 3×3 मीटर आकार में बनाया जाएगा। लंबे समय से इस नाले की मांग की जा रही थी, जिसके निर्माण से श्रीकांत वर्मा मार्ग, तालापारा, मगरपारा और हंसा विहार जैसे क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई है। राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना को मंजूरी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
परियोजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जियोटैग्ड फोटोग्राफी अनिवार्य की गई है, ताकि हर चरण की निगरानी सटीक रूप से की जा सके। विभागीय अधिकारियों को छत्तीसगढ़ वर्क्स डिपार्टमेंट मैनुअल के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने कहा कि यह परियोजना शहर में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगी।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जल निकासी, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी कार्य गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण हों, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
इस परियोजना से न केवल जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि शहर के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
