03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
छत्तीसगढ़ बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
रायगढ़:जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के तहत थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई में जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
जनचौपाल का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर ने किया। उन्होंने सरल भाषा में ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कानून संबंधी जानकारी साझा की। खासतौर पर महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए छेड़खानी, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और अपहरण जैसे मामलों में सख्त कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को अच्छे संस्कार दें और उन्हें गलत संगति से बचाएं। साथ ही “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन नंबर 9429270533, डायल 112 और पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर साझा कर बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध है।
साइबर अपराधों को लेकर भी ग्रामीणों को सतर्क किया गया। पुलिस ने सलाह दी कि अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया लिंक पर भरोसा न करें और किसी के साथ ओटीपी या बैंक जानकारी साझा न करें। जागरूकता को ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे कारगर उपाय बताया गया।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिलाया गया। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना और शराब पीकर ड्राइविंग को खतरनाक बताते हुए नियमों का पालन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में नशे के खिलाफ अभियान पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने ग्रामीणों से सहयोग मांगते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संदेश को दोहराते हुए बताया गया कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।
इस दौरान तमनार थाना का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा और ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
