03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
छत्तीसगढ़ बिलासपुर/रायगढ़/तमनार विशेष…..
रायगढ़: सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ पाने के लिए खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। Instagram पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी जुर्माना ठोक दिया।
मामला तमनार थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए खतरनाक स्टंट करता नजर आया। वीडियो वायरल होते ही तमनार पुलिस हरकत में आई और जांच के दौरान युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20 वर्ष) निवासी ग्राम कुंजेमुरा के रूप में की गई।
पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की, जहां उसने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की। इसके बाद थाना प्रभारी ने उसे कड़ी फटकार लगाते हुए सड़क पर स्टंटबाजी के खतरों और कानूनी परिणामों से अवगत कराया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
खास बात यह रही कि युवक पुलिस परिवार से जुड़ा हुआ है, बावजूद इसके पुलिस ने बिना किसी पक्षपात के कार्रवाई की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि,
“सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा भी हो सकती है। कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई किसी भी पृष्ठभूमि से जुड़ा हो।”
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले कृत्यों से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई तय है।
