03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर:थाना बिल्हा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और शिक्षक से मारपीट करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नेतराम पैकरा (34 वर्ष), निवासी कसडोल जिला बलौदाबाजार, ने 2 मई 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे ग्राम घोघरा में जनगणना कार्य के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे, तभी आरोपी निर्मल कुमार कांत (31 वर्ष), निवासी घोघरा, ने उनसे “तुम कौन हो, क्या करने आए हो” कहकर विवाद शुरू किया और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने 3 मई 2026 को आरोपी निर्मल कुमार कांत को पकड़कर थाना लाया, जहां पूछताछ में उसने घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया तथा उसके विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक संतोष यादव, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
