03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक श्री अरुण साव ने शनिवार को अनोखे अंदाज में स्कूटी पर सवार होकर नगर का भ्रमण किया और विकास कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

नगर भ्रमण के दौरान श्री साव ने रानीगांव क्षेत्र में गार्डन, तालाब और मुक्तिधाम के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश द्वार, नाली निर्माण और मनियारी नदी पर बन रहे पुल की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री बस स्टैंड स्थित जिम पहुंचे, जहां उन्होंने युवाओं से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को जाना। वहीं स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर (लाइब्रेरी) के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया।

नगर भ्रमण के दौरान श्री साव ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। ब्राह्मण पारा में उन्होंने जादूगर के प्रदर्शन का आनंद भी लिया, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इसके पश्चात उन्होंने अपने विधायक कार्यालय में स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय विकास कार्यों पर चर्चा की और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही राम्हेपुर स्थित शिव मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है।
