03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:राष्ट्रीय जनगणना अभियान के दूसरे दिन बिलासपुर के शहरी क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली, जहां कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे खुद प्रगणक बनकर घर-घर पहुंचे और नागरिकों से जानकारी एकत्र की। अधिकारियों ने नगर निगम के जोन क्रमांक 7 अंतर्गत वार्ड 58 स्थित रामा ग्रीन सिटी फेज-2 में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि कुछ घरों में स्वयं जाकर रहवासियों से जानकारी लेकर उसे ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज भी किया। इस पहल से कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा और आम नागरिकों में भी जनगणना को लेकर सकारात्मक संदेश गया।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रगणकों और कर्मचारियों से चर्चा कर कार्य की प्रगति जानी। प्रगणकों ने बताया कि हाईटेक व्यवस्था के चलते 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी औसतन 5 मिनट में आसानी से ऑनलाइन दर्ज की जा रही है, जिससे जनगणना कार्य पहले की तुलना में अधिक सरल और तेज हो गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जनगणना देश के विकास और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। व्यक्तिगत आंकड़ों को किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाता और यह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। इन आंकड़ों का उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाता है।
इस दौरान एडीएम एवं जिला जनगणना अधिकारी शिव कुमार बनर्जी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
