03 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सरकंडा
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक कॉलेज छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मोपका क्षेत्र में रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच दो पक्षों के बीच मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि एक युवक का पड़ोस की युवती से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया।

इसी दौरान, झगड़े में फंसे अपने छोटे चचेरे भाई को बचाने के लिए 22 वर्षीय अभिषेक यादव मौके पर पहुंचा। लेकिन हालात इतने बिगड़ चुके थे कि हमलावरों ने उसे ही निशाना बना लिया। आरोप है कि एक युवक ने धारदार हथियार (चापड़) से अभिषेक के गले पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई।

घटना के बाद हमलावरों का आतंक यहीं नहीं रुका। जान बचाकर भागे नाबालिग ओमप्रकाश को भी आरोपियों ने दौड़ाया। वह किसी तरह नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक जा पहुंचे।

घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। अभिषेक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने सरकंडा थाने का घेराव कर दिया। करीब 50-60 लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
