02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़ विशेष……
रायगढ़, 2 मई 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित दो दिवसीय “POLICE-YOUTH UNITY SPORTS” ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आज अग्रोहा भवन में भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबलों के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की ऊर्जा देखते ही बनी।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जीवर्धन चौहान शामिल हुए। उन्होंने रायगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना समाज के लिए सकारात्मक दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डिग्री लाल साहू और नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। डिग्री लाल साहू ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा— “फिट रहेंगे, तब हिट रहेंगे।”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए युवाओं को सही दिशा देने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ मंच देने की है।

दो दिनों तक चले इस आयोजन में 160 खिलाड़ियों और 10 दिव्यांग प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता अंडर-14 और अंडर-17 बॉयज एवं गर्ल्स वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही रेफरी, कोच और निर्णायकों को भी मंच से सम्मानित किया गया। आयोजन में ताइक्वांडो के संस्थापक जयकुमार यादव के योगदान की विशेष सराहना की गई।
एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोच, रेफरी और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की भारी मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया। रायगढ़ पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि खेल के जरिए युवाओं को सकारात्मक दिशा देकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
