02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/लोरमी
बिलासपुर:सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरमी स्थित 50 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल में आज जीवनदीप समिति की साधारण बैठक उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक से पूर्व उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और परिसर की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया तथा सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुधार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। जीवनदीप समिति के कर्मचारियों के मानदेय में पांच वर्ष पूर्ण होने पर प्रतिमाह 2000 रुपये की वृद्धि को स्वीकृति दी गई। साथ ही अस्पताल के सोलर सिस्टम की मरम्मत, बैटरी बदलने और जनरेटर सुधार के लिए डीएमएफ मद से प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर मुंगेली को भेजने के निर्देश दिए गए।

उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में नए पेइंग वार्ड के निर्माण हेतु अपने विधायक मद से 20 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान की। इसके अलावा डीएमएफ मद से शव वाहन उपलब्ध कराने, निर्माणाधीन ब्लड बैंक और इंटीग्रेटेड लैब को शीघ्र पूर्ण करने तथा 50 बिस्तर अस्पताल को 100 बिस्तरों में उन्नत करने के लिए अतिरिक्त भवन स्वीकृति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। सहकारिता विभाग के पुराने गोदाम की भूमि स्वास्थ्य विभाग को आबंटित करने की प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया गया।
बरसात से पहले एटीआर क्षेत्र के गांवों में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, खुड़िया बांध के पार बसे गांवों के लिए बोट एम्बुलेंस का प्रस्ताव तैयार करने और अस्पताल की सुरक्षा के लिए रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ दो सुरक्षा गार्ड रखने की स्वीकृति भी बैठक में दी गई।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अनावश्यक रेफरल मामलों को कम करने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे सहित जीवनदीप समिति के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
