02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में “सही दवा शुद्ध आहार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने वैक्सीन स्टोरेज को लेकर सख्त निरीक्षण अभियान चलाया। औषधि निरीक्षकों की तीन टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कुल 14 निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में वैक्सीन स्टोर की जांच की।
निरीक्षण के दौरान रिंग रोड, अमेरी, वेयरहाउस रोड, मंगला, लिंगियाडीह, व्यापार विहार, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, मध्यनगरी चौक, मंदिर चौक और मौपका क्षेत्र के अस्पतालों व क्लीनिकों को कवर किया गया। टीमों ने वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जांच में पाया गया कि कई स्थानों पर वैक्सीन को निर्धारित तापमान में रखने के लिए रेफ्रिजरेटर, आईएलआर (ILR) और डीप फ्रीजर का उपयोग किया जा रहा है। हालांकि, कुछ जगहों पर तापमान नियंत्रण को और बेहतर बनाने की जरूरत महसूस हुई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि रेफ्रिजरेटर में तापमान बढ़ने पर तुरंत सूचना देने के लिए अलार्म सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाए और उपकरणों का नियमित कैलिब्रेशन कराया जाए।

इसके अलावा, वैक्सीन के परिवहन के दौरान कोल्ड चेन बनाए रखने के लिए आइस पैक और कैरियर बॉक्स का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों और क्लीनिकों के स्टाफ को वैक्सीन स्टोरेज से जुड़ी जानकारी साझा करने और समय-समय पर प्रशिक्षण आयोजित करने की भी सलाह दी गई।
सहायक औषधि नियंत्रक श्री भीष्म देव सिंह ने बताया कि वैक्सीन के भंडारण और संचालन के लिए निर्धारित मानक प्रक्रियाओं का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उचित तापमान पर वैक्सीन रखने से ही उसकी प्रभावशीलता बनी रहती है और मरीजों को सुरक्षित उपचार मिल पाता है।
