02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:ग्राम सोनसरी निवासी खिलावन पटेल (40 वर्ष) ने पचपेड़ी थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ उनकी छवि खराब करने की नीयत से भ्रामक वीडियो वायरल करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में असंज्ञेय अपराध (NCR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, सोशल मीडिया पर वायरल कथित वीडियो को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या और खिलावन पटेल ने बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर अपनी सफाई दी। उन्होंने वीडियो को भ्रामक बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया।

नेताओं के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुकुर्दीकला स्थित रेत घाट की जनसुनवाई के दौरान 25 हजार रुपये के कथित लेन-देन का वीडियो गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसे रेत घाट प्रबंधन से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता अलग है।
प्रेसवार्ता में दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वायरल वीडियो पर विश्वास करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच करें।
प्रेसवार्ता के अंत में दोनों नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण प्रचार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कदम उठाने की तैयारी की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।
