02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/कोरबा विशेष….
कोरबा: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के घर हुई लाखों की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी घर से करीब 10 तोला सोने के जेवरात, चांदी की पायल और नगदी लेकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित खांडे और गौतम कुमार शामिल हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, दो नग पायल और करीब 3 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 8 लाख रुपये का मसरूका बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमित खांडे का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
