02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/एसईसीएल….
बिलासपुर:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर स्थित ऑडिटोरियम में 1 मई 2026 को खनिक दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन रहे। उनके साथ निदेशक (तकनीकी संचालन) श्री एन. फ्रेंकलिन जयकुमार, निदेशक (एचआर) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत, दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम के साथ हुई। शहीद श्रमवीरों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके पश्चात अध्यक्ष श्री हरीश दुहन ने सभी को संकल्प दिलाया।

अपने संबोधन में श्री दुहन ने कहा कि खनिक केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र के ऊर्जा प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि देश को रोशन रखने के पीछे खदानों में काम करने वाले श्रमिकों का अथक परिश्रम और उनके परिवारों का त्याग छिपा है। एसईसीएल की असली पहचान उसके कर्मवीर हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला मंत्री का संदेश भी पढ़ा गया तथा खनिकों को समर्पित विशेष टेबलाय का विमोचन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों, खदानों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इन श्रेणियों में हुआ सम्मान

एरिया, ओपनकास्ट एवं अंडरग्राउंड माइंस के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ बेस्ट ऑपरेटर, बेस्ट वर्कर, सेफ्टी, पर्यावरण, एचआरडी, पब्लिक रिलेशन, राजभाषा, इंडस्ट्रियल रिलेशन सहित कई श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
सीएसआर, क्वालिटी ऑफ लाइफ, इनोवेशन एवं प्रोजेक्ट डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न इकाइयों को सम्मानित किया गया। श्रद्धा महिला मंडल बिलासपुर को समन्वय पुरस्कार मिला, वहीं महिला समितियों को भी उनके योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक मंडल द्वारा श्री हरीश दुहन को “सर्वोत्कृष्ट खनिक सम्मान” से भी नवाजा गया।
पूर्व निदेशक (एचआर) श्री आर.एस. सिंह ने अपने संबोधन में एसईसीएल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रमिक कल्याण के लिए प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की और सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने शहीद स्मारक, अंबेडकर प्रतिमा एवं खनिक प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन श्री वरुण शर्मा एवं मिताली तिवारी ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्री एस. परीदा ने दिया।
खनिक दिवस के इस आयोजन ने श्रमिकों के सम्मान, एकता और समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत किया।
