02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/आजाद नगर
बिलासपुर। सिंधी समाज की आस्था, परंपरा और एकता का प्रतीक बन चुका आदर्श झूलेलाल प्रभात फेरी एवं धूनी साहेब कार्यक्रम एक बार फिर श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत आजाद नगर, युवा विंग एवं महिला विंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने समाज को एकजुट करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 01 मई 2026 को पूज्य पंचायत आजाद नगर धर्मशाला, बिलासपुर में किया गया, जहां शाम 8:30 बजे से साईं झूलेलाल जी की इच्छा तक भजन, सिमरन, आरती और पल्लो के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के अंत में धूनी साहेब के बाद प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।

यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जनवरी माह से प्रत्येक शुक्रवार को शुरू की गई धूनी साहेब की यह परंपरा सिंधी समाज के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि शुक्रवार को “थारू” के रूप में मनाया जाता है—जो भगवान झूलेलाल जी के जन्म दिवस से जुड़ा हुआ है।

सिंधी समाज के इष्ट देव झूलेलाल साईं ने मानवता की रक्षा के लिए अवतार लिया था। मान्यता है कि जब अत्याचार अपने चरम पर था, तब उन्होंने जन्म लेकर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई और समाज को एकता और धर्म का मार्ग दिखाया। उनका जीवन मानव सेवा, करुणा और सभी जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम का संदेश देता है।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने जल और ज्योत के माध्यम से झूलेलाल साईं को स्मरण करते हुए समाज और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
आयोजकों ने सभी समाजजनों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों तक यह संस्कृति जीवित रह सके।

आज के प्रमुख कार्यक्रम में पूज्य सिंधी पंचायत आजाद नगर के संरक्षक श्री सतीश लाल जी अध्यक्ष श्री बृजलाल नागदेव जी कोषाध्यक्ष श्री अशोक टेकचंदानी जी महासचिव श्री रमेश दीवानी जी उपाध्यक्ष श्री चेतन दास पंजवानी जी श्री घनश्याम मेघानी जी सचिव श्री संतोष नागदेव जी श्री बलराम नागदेव जी श्री इंदर मेघानी जी श्री हीरा भावनानी जी श्री सुंदर खत्री जी श्री उमेश लाल जी श्री राजु टेकचंदानी श्री विवेक लाल जी युवा विंग के अध्यक्ष श्री नवीन रुपाणी जी यूवा विंग के सचिव श्री लखन नागदेव जी महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती रेशमा नानवानी जी श्रीमती सविता नागदेव जी श्रीमती पूजा भावनानी जी श्रीमती दिव्या रुपाणी जी आदि लोग उपस्थित रहे।
“झूलेलाल साईं की कृपा से समाज में प्रेम, एकता और सेवा की भावना बनी रहे” — इसी संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
