02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने निवेश के नाम पर बड़ी ठगी करने वाले एक आरोपी को मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस के अनुसार, करवा चौकी बेलगहना निवासी प्रार्थी फेकुराम चतुर्वेदी ने 18 मार्च 2025 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच “रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड” कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार वर्मा ने गांव के लोगों को एजेंट बनाकर निवेश कराया और पैसा दोगुना करने का झांसा दिया।
आरोपी ने ग्रामीणों से रकम एकत्र कर करबला रोड स्थित अपने कार्यालय में जमा कराई। इस दौरान कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन बाद में आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गया।
मामले में सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 159/2025 के तहत धारा 420, 34 भादवि में केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रीवा जिले के ग्राम टिकिया, चोरहटा में दबिश दी। यहां से आरोपी पंकज कुमार वर्मा (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
