01 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़:रायगढ़ पुलिस की सामुदायिक पहल “पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स” के तहत आयोजित दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आज अग्रोहा भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान हनुमान जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस आयोजन में जिले भर से आए 170 बालक-बालिकाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी कलेक्टर श्री पठारे ने रायगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, उन्हें मंच देने का यह प्रयास उनके भविष्य को नई दिशा देगा। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में गर्ल्स और बॉयज कैटेगरी के मुकाबले हो रहे हैं। पहले दिन गर्ल्स वर्ग के मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिला जब दिव्यांग बच्चों ने ताइक्वांडो का अद्भुत प्रदर्शन किया। उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और जज्बे ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।

इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिले के 10 ताइक्वांडो क्लब, 20 कोच, 15 ऑफिशियल और राज्य स्तरीय रेफरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और अभिभावकों के लिए भोजन एवं स्वल्पाहार की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
कल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ इस आयोजन का समापन होगा। रायगढ़ पुलिस ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
एसएसपी का संदेश:
“युवा जितना खेल के मैदान से जुड़ेंगे, उतना ही अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा उनके जीवन का हिस्सा बनेगी।”
