02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला का जन्मदिवस इस बार अनोखे अंदाज में सेवा, सम्मान और धार्मिक समरसता के प्रतीक रूप में मनाया गया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, बिलासपुर ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक सौहार्द और जनसेवा की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम की शुरुआत बहतराई चौक से हुई, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता लुतरा शरीफ दरगाह पहुंचे, जहां बाबा इंसान अली की दरगाह में विधायक सुशांत शुक्ला के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए चादर पेश कर दुआ मांगी गई।

दरगाह परिसर में जरूरतमंदों के बीच फल वितरण कर सेवा भाव भी प्रदर्शित किया गया। दोपहर में सेवा सदन, नूतन कॉलोनी स्थित विधायक कार्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए भोजन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।


शाम को नूतन चौक में आयोजित भव्य जन्मोत्सव कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। यहां भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मुशर्रफ़ खान एवं उनके कार्यकर्ताओं के द्वारा विधायक सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौलकर उनका विशेष अभिनंदन किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, बिलासपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मुशर्रफ खान ने आयोजन को सफल बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
