1 मई को सुबह 7 बजे से होगा खेल कौशल का अंतिम परीक्षण
01 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 30 अप्रैल 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए आयोजित चयन ट्रायल में खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर नजर आ रहा है। ट्रायल के तीसरे दिन कुल 540 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के खिलाड़ी भी शामिल हुए, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और भी ऊंचा हो गया।
ट्रायल में हॉकी और एथलेटिक्स दोनों विधाओं में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हॉकी में 111 बालिका और 173 बालक सहित कुल 284 खिलाड़ी, जबकि एथलेटिक्स में 87 बालिका और 169 बालक सहित कुल 256 खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
खिलाड़ियों का चयन मोटर एबिलिटी और खेल कौशल के आधार पर किया जाएगा, जिससे योग्य प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सके।
चयन ट्रायल के अंतिम दिन 1 मई को सुबह 7 बजे से अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम (पिच-2) में हॉकी खिलाड़ियों और स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में एथलेटिक्स खिलाड़ियों के कौशल का अंतिम परीक्षण किया जाएगा।
इस चयन प्रक्रिया से उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा और प्रदेश के खेल भविष्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
