01 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) श्री हिमांशु जैन को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) में भी सीवीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। भारतीय रेलवे सेवा (IRSSE) के वर्ष 2007 बैच के अधिकारी श्री जैन वर्तमान में एसईसीएल में सीवीओ के रूप में कार्यरत हैं और इससे पूर्व वे नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में भी सीवीओ का अतिरिक्त दायित्व संभाल चुके हैं।
श्री जैन ने एनआईटी रायपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार अभियांत्रिकी में स्वर्ण पदक के साथ स्नातक किया है तथा आईआईटी बॉम्बे से एमटेक की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2007 में ऑल इंडिया रैंक 9 हासिल कर भारतीय रेलवे सेवा में प्रवेश किया।
अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने रेलवे की कई महत्वपूर्ण अवसंरचना एवं सिग्नलिंग परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया है। साथ ही भारतीय रेल में उप-महाप्रबंधक (DGM), मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) एवं महाप्रबंधक के सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें राष्ट्रीय रेलवे पुरस्कार (2016), नेशनल एकेडमी ऑफ इंडियन रेलवे का महानिदेशक पदक (2019) तथा महाप्रबंधक पुरस्कार (2012 एवं 2022) जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
श्री जैन ‘DigiCOAL’ पहल के माध्यम से कोल सेक्टर में पारदर्शिता और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी इस पहल को केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) की राष्ट्रीय कार्यशाला में भी प्रस्तुत किया जा चुका है।
एमसीएल में उनके अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करने से कोल सेक्टर में सतर्कता तंत्र और अधिक सशक्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।
