01 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सीपत
बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा 8 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले में थाना सीपत में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पतासाजी के दौरान जानकारी मिली कि अपहृत बालिका आरोपी के साथ जिला राजनांदगांव के डोंगरगढ़ क्षेत्र में है। इस पर थाना सीपत की टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।
डोंगरगढ़ पुलिस के सहयोग से आरोपी संत कुमार शाह (21 वर्ष), निवासी ग्राम दर्राभाठा, थाना सीपत, को पकड़ लिया गया और बालिका को सकुशल बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर शारीरिक शोषण किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 64(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहा जा रहा है, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
