30 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में सेवानिवृत्त होने वाले 10 कर्मियों को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया, साथ ही उनके समस्त देय भुगतान के चेक भी प्रदान किए गए।
मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (एचआर) श्री बिरंची दास, सीवीओ श्री हिमांशु जैन एवं निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर श्री चन्द्रमोहन वर्मा (महाप्रबंधक, सिविल/सीएसआर), श्री एस.के. महापात्रा (मुख्य प्रबंधक, खनन), श्री संजय दास (प्रबंधक, सर्वे), श्री श्याम बोरकर (सहायक अभियंता), श्री पुरुषोत्तम लाल साहू (असिस्टेंट सुपरवाइजर), श्री व्ही. नागेश (फोरमेन इंचार्ज), श्री संतोष कुमार मेश्राम (असिस्टेंट सुपरवाइजर), श्री दल बहादुर गुरुंग (सीनियर डुप्लीकेटिंग ऑपरेटर), श्री बैकुंठ महानंदा (सामान्य सहायक) एवं श्री भोला प्रसाद (सुरक्षा प्रहरी) को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गई।

कार्यक्रम में शीर्ष प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि इन सभी कर्मियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और कार्यकुशलता ने ही एसईसीएल को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। साथ ही सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की कामना की गई।
सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि एसईसीएल में कार्य करने का अनुभव हमेशा यादगार रहेगा, जहां सभी कर्मचारी आपसी सहयोग और निष्ठा के साथ काम करते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर द्वारा किया गया, जिन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय भी प्रस्तुत किया।
