29 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
बिलासपुर: जिले के कोनी थाना क्षेत्र में आम लोगों को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक तलवार भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 28 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बड़े कोनी क्षेत्र में एक युवक हाथ में तलवार लेकर राहगीरों को डरा रहा है और क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार यादव (24 वर्ष) निवासी बड़े कोनी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तलवार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश किया गया है।
