29 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़/लैलूंगा विशेष…….
रायगढ़, 29 अप्रैल 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत एक बड़ी सफलता सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात गौवंश तस्कर रब्बुल खान आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते सरेंडर करने को मजबूर हो गया।

लैलूंगा थाना पुलिस ने सरेंडर के बाद आरोपी रब्बुल खान (39 वर्ष), निवासी करवाजोर, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में एक और 2026 में दो गौ तस्करी के मामले दर्ज हैं।

मामले की शुरुआत 17 फरवरी 2026 से हुई थी, जब लैलूंगा पुलिस ने झगरपुर मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी के साथी देवानंद यादव को 16 गौवंश के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में रब्बुल खान की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस की लगातार दबिश, पतासाजी और “ऑपरेशन शंखनाद” के सख्त अभियान के चलते आरोपी के सभी ठिकाने खत्म हो गए, जिससे दबाव में आकर उसने अंततः सरेंडर कर दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गौ तस्करी का धंधा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की इच्छा भी जताई है। पुलिस इसे अभियान की बड़ी नैतिक और कानूनी सफलता मान रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी ने साफ कहा कि “ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करों के लिए अब सिर्फ दो रास्ते हैं—या तो सरेंडर करें या कानून की गिरफ्त में आएं। अपराध छोड़ने वालों को मौका दिया जाएगा, लेकिन तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
रायगढ़ पुलिस का यह अभियान अब अपराधियों में खौफ और सुधार—दोनों का संदेश दे रहा है।
