29 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब नाली में पेशाब करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में आरोपियों ने चाकू और डंडों से हमला कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 3 आरोपियों सहित 7 अपचारी बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सनत सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 12 बजे वह अपने मोहल्ले प्रभात चौक चिंगराजपारा में टहल रहा था। इसी दौरान विक्की अहिरवार और उसके साथी नाली में पेशाब करने की बात को लेकर विवाद करने लगे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।

हमले में प्रार्थी सनत सारथी के सिर, हाथ और पैर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें करीब 15 लोग मुंह ढांककर मारपीट करते नजर आए।
जांच के बाद कुल 10 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया, दीपक निषाद उर्फ बुटु और दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान शामिल हैं। साथ ही 7 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडे जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों और अपचारी बालकों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
