28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़/खरसिया विशेष…..
रायगढ़, 28 अप्रैल 2026। जिले के अंतिम छोर स्थित खरसिया तहसील के ग्राम पंचायत कुरू में मंगलवार को जन-जागरूकता, नशामुक्ति और सामाजिक चेतना को लेकर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस चौकी जोबी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। जोबी क्षेत्र में पुलिस और महिला समूहों के संयुक्त प्रयास से 28 में से 24 गांव नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं, जो एक बड़ी सामाजिक उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की महिलाओं ने नशे के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए युवाओं को शराब से दूर करने में अहम भूमिका निभाई है। इसके चलते अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।


एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संबोधन में मातृशक्ति की भूमिका को इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने जिस दृढ़ संकल्प के साथ नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा किया है, वह सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने इसे केवल पुलिस अभियान नहीं, बल्कि समाज को मुख्यधारा में लाने वाला आंदोलन बताया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के समन्वय से ही स्थायी बदलाव संभव है और जोबी क्षेत्र इसका सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। उन्होंने एसडीओपी प्रभात पटेल, चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर और पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे सामुदायिक पुलिसिंग की सफल पहल बताया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी खरसिया सीताराम ध्रुव, चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
