28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सकरी
बिलासपुर:थाना सकरी पुलिस ने बीट सिस्टम की सटीक निगरानी और आरक्षकों की सक्रिय सूचना संकलन के दम पर चोरी के 9 अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश करते हुए शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से समरसीबल पंप, स्पीयर पंप, कॉपर तार, केबल, बिजली वायर, चांदी के जेवरात, टीवी सहित अन्य घरेलू सामान और नगदी बरामद की है।
मामले में आरोपी अरविंद पटेल (20 वर्ष) एवं आशीष रजक (20 वर्ष) निवासी धुरीपारा मंगला को गिरफ्तार किया गया है, वहीं 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर दर्ज विभिन्न अपराध क्रमांक 74/2026, 122/2026, 124/2026, 139/2026, 259/2026, 272/2026, 281/2026, 327/2026 एवं 331/2026 में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

बीट सिस्टम के तहत मिली पुख्ता सूचना पर संदेही अरविंद पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी आशीष रजक और अन्य बालकों के साथ मिलकर सकरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने चोरभट्ठी खुर्द, देवरीकला, घुरू, गिरधौना, बंधवापारा, संबलपुरी एवं सिद्धिविनायक कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में सुनसान मकानों और निर्माणाधीन भवनों को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर नगदी और कीमती सामान चोरी करना कबूल किया। चोरी की गई नगदी रकम को आरोपियों ने खर्च कर देना बताया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान जब्त कर लिया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, रूपेश तिग्गा, चोलाराम पटेल, रवि कुमार लहरे, आरक्षक अफाक खान, आशीष शर्मा, पवन बंजारे और मनोज बघेल की भूमिका सराहनीय रही।
