28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय प्रांगण में 28 अप्रैल 2026 को “विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस – 2026” के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “आइए एक स्वस्थ मनोसामाजिक कार्य वातावरण सुनिश्चित करें” रही, जिसके तहत कार्यस्थल पर शारीरिक के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन द्वारा सुरक्षा ध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रेंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक तकनीकी (योजना-परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित विभागाध्यक्ष, श्रम संघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके बाद सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने मुख्यालय परिसर स्थित श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रमिकों के योगदान को नमन किया।

अपने संबोधन में अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि खदानों और मशीनों के साथ-साथ मानव संसाधन की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक कर्मचारी को न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी सुरक्षित और समर्थ महसूस कराना संगठन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने दैनिक जीवन में शारीरिक व्यायाम को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ मनोसामाजिक कार्य वातावरण ही सतत उत्पादन और संगठनात्मक उत्कृष्टता की आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई। वहीं, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष का संदेश महाप्रबंधक (सुरक्षा/बचाव) प्रकाश राय द्वारा पढ़कर सुनाया गया, जिसमें सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर सुधार और प्रभावी अमल पर बल दिया गया।
इस आयोजन ने कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और सकारात्मक वातावरण के महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया।
