28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए हैं।

यह घटना बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा और पोड़ी के बीच एक मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में सवार लोग बारात में शामिल होने के लिए छप्पर गए थे और वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन तेज रफ्तार में था और मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार रामधूल (पिता हरदेव), निवासी उमरिया दादर थाना रतनपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।
