28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री एस.एस. दुबे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
जनदर्शन में ग्रामीणों की समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। ग्राम भुरकुण्डा के लोगों ने खुटाघाट से सोन के बीच करीब 46-47 मील लंबे मार्ग पर सड़क नहीं बनने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि लगभग 2 किलोमीटर तक सड़क नहीं होने से चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रभावित है और बारिश के दौरान हालात और बदतर हो जाते हैं। इसी तरह भुरकुण्डा और सोडाडीह के बीच नाले पर पुलिया (रपटा) निर्माण की मांग भी की गई।
ग्राम रांक के नवल किशोरे ने जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन दिया, जबकि इंदल बंजारे ने पेयजल और बिजली की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि बोर बंद होने और लगातार बिजली कटौती से हालात खराब हैं। ग्राम चोरा के लोगों ने तालाब के पानी के अत्यधिक उपयोग को लेकर शिकायत करते हुए जलस्तर गिरने की बात कही और संतुलित उपयोग की मांग की।
मस्तूरी क्षेत्र के एरमसाही निवासी सियाराम कुर्रे ने भूमि सीमांकन नहीं होने से हो रही परेशानी बताई। वहीं बिल्हा तहसील के ग्राम कुंआ बोड़सरा के ग्रामीणों ने मेला परिसर में पेयजल व्यवस्था की मांग की। शहर के इफत खान ने जर्जर बिजली लाइन से हादसे की आशंका जताते हुए तत्काल सुधार की गुहार लगाई। एक पारिवारिक विवाद में संपत्ति बंटवारे का मामला भी सामने आया, जिस पर प्रशासन से न्याय की अपील की गई।
दिव्यांग को मिली त्वरित राहत:जनदर्शन के दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण भी देखने को मिला। इमलीभाटा अंबेडकर आवास, सरकंडा निवासी दिव्यांग वृद्ध मेधू राम खांडे ने व्हीलचेयर की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्देश दिए, जिसके बाद मौके पर ही उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री टी.पी. भावे भी उपस्थित रहे। व्हीलचेयर मिलने पर मेधू राम खांडे के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
