28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 28 अप्रैल 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में “सही दवा-शुद्ध आहार” अभियान के तहत औषधि प्रतिष्ठानों की सघन जांच जारी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार को तेलीपारा, सकरी, नेहरू नगर और मुंगेली नाका क्षेत्र में तीन अलग-अलग टीमों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कुल 15 थोक औषधि प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण में 2 दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं एक औषधि क्रीम संदिग्ध पाए जाने पर फॉर्म-15 के तहत फ्रिज कर उसे विक्रय के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।
जांच में कई अनियमितताएं भी सामने आईं। एक प्रतिष्ठान में फॉल्स सीलिंग नहीं होने के कारण दवाओं का भंडारण निर्धारित तापमान पर नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा 2 दुकानों में दवाओं के सुरक्षित भंडारण के लिए रैक और पैलेट की व्यवस्था नहीं मिली। वहीं एक प्रतिष्ठान में दवाओं के क्रय-विक्रय और वितरण में नियमों का उल्लंघन पाया गया।
सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
