28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिला पंचायत बिलासपुर में आज विशेष सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने की। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप कुमार अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में “ज्ञान भारतम् पांडुलिपि सर्वेक्षण” एवं “सुशासन तिहार 2026” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी क्रम में “सुशासन तिहार 2026” के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बताया गया कि इन शिविरों का आयोजन ग्राम पंचायतों के समूह स्तर पर किया जाएगा, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। विकासखंड बिल्हा में 8, मस्तूरी में 8, तखतपुर में 8 तथा कोटा में 7 शिविर निर्धारित तिथियों में आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में “ज्ञान भारतम् पांडुलिपि सर्वेक्षण” के अंतर्गत भारत की प्राचीन एवं अमूल्य पांडुलिपियों के संरक्षण, संवर्धन एवं दस्तावेजीकरण पर भी चर्चा की गई। यह पहल देश की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसके अलावा विशेष सामान्य सभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत 33 प्रतिशत आरक्षण विधेयक पारित न होने पर सदस्यों द्वारा निंदा प्रस्ताव पारित किया गया तथा महिला विरोधी सोच का विरोध दर्ज कराया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, श्रीमती भारती नीरज माली, श्रीमती अंबिका विनोद साहू, श्री निरंजन सिंह पैकरा सहित अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
