28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 28 अप्रैल 2026। जिले में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली खपत में तेज इजाफा होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अनुसार, उपभोक्ताओं द्वारा स्वीकृत लोड से अधिक बिजली उपयोग किए जाने के कारण ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है, जिससे बार-बार फ्यूज उड़ने और डीओ गिरने की समस्याएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, पहले जहां घरों में केवल पंखे और कूलर चलते थे, वहीं अब एक ही घर में दो से तीन एसी और कई कूलरों का उपयोग बढ़ गया है। लेकिन इसके अनुरूप बिजली कनेक्शन का लोड अपडेट नहीं कराया गया है, जिससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं और आपूर्ति बाधित हो रही है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में बिजली उत्पादन और आपूर्ति पर्याप्त है, लेकिन समस्या स्थानीय स्तर पर लोड असंतुलन के कारण उत्पन्न हो रही है। विभाग द्वारा हर जोन में कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य करते हैं।
इसके अलावा, अधिक लोड और बिजली चोरी (हुकिंग) के चलते केबलों पर भी दबाव बढ़ रहा है। तेज गर्मी के कारण केबल आपस में चिपककर शॉर्ट सर्किट की स्थिति बना रहे हैं, जिससे कई स्थानों पर तार टूटने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों में बिजली खपत की सही जानकारी विभाग को दें, ताकि आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि लगातार तीन माह तक स्वीकृत लोड से अधिक खपत होने पर उपभोक्ताओं का अधिकतम लोड स्वतः मान्य कर उसी के अनुसार बिल जारी किया जाता है।
