28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
रायगढ़, 28 अप्रैल 2026। जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन अंकुश” लगातार असर दिखा रहा है। इसी कड़ी में साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच के दौरान सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कैदीमुड़ा ओवरब्रिज के पास आम गली में एक युवक द्वारा दिल्ली और बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल मुकाबले पर ऑनलाइन व ऑफलाइन सट्टा खिलवाने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी अनुराग यादव (26), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल को मौके से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन, 900 रुपये नगद और डॉट पेन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में winx66.com आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन के ठोस सबूत मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने जब्ती पंचनामा तैयार किया।
आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:“आईपीएल की आड़ में सट्टेबाजी करने वालों पर लगातार प्रहार जारी रहेगा। रायगढ़ पुलिस अवैध जुए-सट्टे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं देगी।”
