28 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
बिलासपुर/रायगढ़/पूंजीपथरा
रायगढ़, 28 अप्रैल 2026/ पूंजीपथरा थाना पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से एटीएम चोरी की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक आरोपी को गैस कटर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 3 बजे गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में गश्त टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर पैसे निकालने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) को मौके से पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से गैस कटर सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते उसने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

इस घटना में एटीएम मशीन को करीब 3 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मामले में थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस साहसिक कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए तीन आरक्षकों—चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया है।
एसएसपी का संदेश: “सतर्क पुलिसिंग से बड़ी वारदात टली है। रायगढ़ पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय मुस्तैद है।”
