27 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
बिलासपुर। थाना कोटा क्षेत्र अंतर्गत डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल से लापता हुए 20 वर्षीय छात्र को कोटा पुलिस ने नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र के गायब होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार तलाश के जरिए उसे ढूंढ निकाला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुम इंसान क्रमांक 29/2026 के तहत 7 मार्च 2026 को सूचक राजा मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रोहित कुमार (20 वर्ष), निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार), जो कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में बी. फार्मेसी चौथे सेमेस्टर का छात्र है, 6 मार्च को हॉस्टल से अचानक लापता हो गया था। सहपाठियों और हॉस्टल में तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने छात्र के क्लासमेट्स से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक अकाउंट डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से लगातार पतासाजी की।
इसके अलावा दमोह, मथुरा और वृंदावन तक तलाश की गई, लेकिन प्रारंभ में कोई सफलता नहीं मिली।
आखिरकार 25 अप्रैल 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की सूचना मिली। तत्पश्चात पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया, जिसने 26 अप्रैल को नागपुर से छात्र को बरामद कर लिया।
पूछताछ में रोहित कुमार ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी हो गया था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा चुका था। इस बात का डर था कि यदि परिवार को इसकी जानकारी होगी तो डांट पड़ेगी, इसी कारण उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई।
बरामदगी के बाद छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की विशेष भूमिका रही।
