27 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़ घरघोड़ा विशेष…..
रायगढ़:जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत यह कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सात मोबाइल फोन, 15,490 रुपये नगद और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
कोतवाली क्षेत्र के नयागंज कोष्टापारा में पुलिस ने सोनू देवांगन (21) को गिरफ्तार किया, जो आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था। उसके मोबाइल में मैच से संबंधित स्क्रीनशॉट और डिजिटल ट्रांजेक्शन के प्रमाण मिले। इसी तरह गद्दी चौक स्थित एक कैफे से हर्षित देवांगन (24) को भी सट्टा संचालन करते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
घरघोड़ा क्षेत्र में पुलिस ने गोयल ट्रेडिंग दुकान में छापा मारकर भरत गोयल (22) को गिरफ्तार किया। वह मैच के दौरान चौका, छक्का और विकेट पर दांव लगवा रहा था। इसके अलावा जय स्तंभ चौक के पास की गई कार्रवाई में गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को भी ऑनलाइन सट्टा खेलाते पकड़ा गया। तीनों आरोपियों से चार मोबाइल फोन और 15,490 रुपये नगद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आईपीएल की आड़ में अवैध सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
