17 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से आस्था स्पेशल ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का गाजे-बाजे, तिलक एवं पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। पूरे माहौल में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। यात्रियों के चेहरों पर खुशी और आस्था साफ झलक रही थी।

इस विशेष यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के साथ-साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के भी दर्शन करेंगे। सरकार द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए आने-जाने, ठहरने, भोजन, सुरक्षा एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है।
यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का एक यादगार और भावनात्मक क्षण बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस ट्रेन में बिलासपुर जिले के 225 श्रद्धालु भी शामिल हैं।
यह योजना धार्मिक आस्था को साकार करने के साथ ही आमजन को तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है।
