16 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/यातायात पुलिस
बिलासपुर:शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व हाईटेक बनाने के उद्देश्य से 15 अप्रैल 2026 को पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग एवं डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पहुंचकर आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), साइबर सेल, पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल 112 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईटीएमएस की उन्नत तकनीक और उसकी कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान टीम द्वारा बताया गया कि शहर में लगाए गए 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और एएनपीआर तकनीक के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ स्वतः चालानी कार्रवाई की जाती है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में स्थापित बड़े मॉनिटर के माध्यम से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक दबाव (कंजेशन) की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पीक आवर में यातायात प्रबंधन के लिए डिजिटल और सैटेलाइट तकनीक के उपयोग की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान आईजी व एसएसपी ने स्वयं एडवांस तकनीक का उपयोग कर वाहन नंबर प्लेट को जूम कर रीड किया और चालान प्रक्रिया का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार पैनी नजर रखी जाए तथा तकनीकी माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर सड़क दुर्घटनाओं एवं अपराधों पर नियंत्रण किया जाए।
आईटीएमएस के माध्यम से संचालित 23 पीए सिस्टम और 10 एलईडी मॉनिटर द्वारा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया, जिस पर वाहन चालकों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए अपने वाहनों को व्यवस्थित किया।
अधिकारियों ने चोरी हुए वाहनों की खोज में आईटीएमएस की भूमिका की सराहना करते हुए टीम को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर सेल, डायल 112 एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
