15 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर में संत शिरोमणि श्री श्री 1008 श्री सेन जी महाराज की 726वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ एवं संभागीय श्रीवास समाज के संयुक्त तत्वावधान में भव्य प्रदेश स्तरीय शोभायात्रा और सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया।

गांधी चौक से मंगल नाका स्थित श्रीवास धर्मशाला तक निकली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अमर अग्रवाल ने झंडी दिखाकर किया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुष किसी एक समाज तक सीमित नहीं होते, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सेन समाज बिलासपुर के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा भी की।

अति विशिष्ट अतिथि विधायक अटल श्रीवास्तव ने समाज के नेतृत्व की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कोटा विधानसभा क्षेत्र में दो सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।

विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता होती है। उन्होंने मस्तूरी क्षेत्र (मल्हार, मस्तूरी, सीपत) के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने समाज के लोगों से संगठित होकर अपने अधिकारों और हितों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, डीजे धुमाल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। विभिन्न समाजों और संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए हजारों सेन समाज के लोग शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही।

श्री लाल जी श्रीवास के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन चंद्रमणि श्रीवास एवं कवि बालमुकुंद ने किया, जबकि आभार रामकुमार श्रीवास एवं अश्वनी श्रीवास ने व्यक्त किया। पूरे संभाग और प्रदेश से समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
